समय से 4 घंटे पहले ले ली परीक्षा सोशल मीडिया पर परचा वायरल

भाटापारा:-भाटापारा के समीप स्थित ग्राम बिजराडीह के हाईस्कूल में मासिक परीक्षा के दौरान तय समय से 4 घंटे पहले ही कक्षा दसवीं के प्रश्न पत्र बांटकर परीक्षा आयोजित करा दी गई। इतना ही नहीं, परीक्षा देते विद्यार्थियों की तस्वीरें और प्रश्न पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

ग्राम बिजराडीह स्थित हाई स्कूल (भाटापारा) में मासिक परीक्षा(कक्षा दसवीं) के प्रश्न पत्र वितरण में बड़ी लापरवाही हुई। परीक्षा का निर्धारित समय दोपहर 12:00 बजे का था परंतु स्कूल के ही शिक्षक द्वारा परीक्षा सुबह 8:00 बजे (4 घंटे पूर्व) से ही प्रारंभ कर दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को मासिक परीक्षा का आयोजन किया जाना था, जिसके लिए जिला स्तर से प्रश्न पत्र तैयार होकर सभी स्कूलों में भेजे गए थे। बिजराडीह स्कूल में परीक्षा का निर्धारित समय दोपहर 12:00 बजे तय किया गया था। लेकिन सुबह 8:00 बजे ही विद्यार्थियों को कक्षाओं में बैठाकर प्रश्न पत्र वितरित कर दिए गए और परीक्षा शुरू करवा दी गई।

इसी दौरान स्कूल के ही किसी स्टाफ सदस्य द्वारा छात्रों को पेपर बांटते और परीक्षा में लिखते हुए तस्वीरें व वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। स्कूल प्राचार्य दर्शन सिंह ठाकुर ने कहा कि चूंकि आज शनिवार था तो बच्चे आज सुबह ही यानि एक पाली में ही आते हैं। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भाटापारा बीईओ ने बताया कि मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को दे दी गई है। ब्लॉक स्तर पर संबंधित स्कूल को नोटिस जारी किया जाएगा। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल प्राचार्य दर्शन सिंह ठाकुर ने अपनी सफाई में कहा कि उनके स्कूल पहुंचने से पहले ही स्टाफ धीरेन्द्र सिसोदिया द्वारा विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र बांटे जा चुके थे और परीक्षा शुरू हो चुकी थी। उन्हें इस बाबत कारण बताओ नोटिस जारीकिया गया है।

 

Hot Topics

Related Articles