जिले के सभी प्राथमिक-पूर्व माध्यमिक स्कूलों में बनेंगे किचन गार्डन, मुंगेली बनेगा मॉडल जिला

  • प्रधानमंत्री पोषण शक्ति अभियान को मिलेगा नया आयाम, शिक्षा गुणवत्ता पर भी विशेष फोकस

मुंगेली, संदीप यादव।कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में डीईओ, डीएमसी, बीईओ, संकुल प्राचार्य एवं खंड स्रोत समन्वयक उपस्थित थे।

*हर स्कूल में लगेगी सब्जी और फलदार पौधे*

सीईओ गोकुल रावटे ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति अभियान के तहत सभी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसरों में अहाता निर्माण, किचन गार्डन के लिए भूमि-जल स्रोत की उपलब्धता और फलदार व उपयोगी पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने संकुल प्राचार्यों और समन्वयकों से आपसी समन्वय से काम करते हुए मुंगेली जिले को किचन गार्डन का मॉडल जिला बनाने को कहा। बैठक में सहायक संचालक उद्यानिकी भगवती साहू ने किचन गार्डन विकास के लिए तकनीकी सुझाव दिए।

*’90 प्लस अभियान’ से टॉप 10 में पहुंचने का लक्ष्य*

सीईओ ने ’90 प्लस शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन अभियान’ की समीक्षा करते हुए कहा कि 2025-26 में 10वीं-12वीं के बेहतर परिणामों को आगे बढ़ाते हुए अब मुंगेली को प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल करने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने इसी माह से सभी स्कूलों में गुणवत्ता सुधार गतिविधियां शुरू करने के निर्देश दिए।

*अन्य महत्वपूर्ण बिंदु*

जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, निशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण, बालिका शौचालय, निशुल्क पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग-वितरण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और ड्रॉपआउट-दिव्यांग बच्चों की जानकारी पर प्रस्तुतिकरण दिया।

बैठक में वीएसके ऐप से शिक्षक-स्टाफ की उपस्थिति, मर्ज स्कूल, स्टूडेंट प्रोग्रेशन, यू-डाइस अपडेट और नियमित उपस्थिति बढ़ाने पर भी निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला मिशन समन्वयक अशोक सोनी, बीईओ डॉ. प्रतिभा मंडलोई, विमित्रा धृतलहरे, मनीषा पाटले सहित सभी प्राचार्य और समन्वयक मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles