बिलासपुर स्टेशन पर रोजाना 20 हजार से अधिक यात्री कर रहे सफर, वेटिंग से जूझ रहे यात्री; त्योहारों पर 100 पार पहुंच रही प्रतीक्षा सूची
बिलासपुर/भाटापारा। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या लगभग स्थिर है, लेकिन यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले दो वर्षों में स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या 12 लाख 36 हजार 554 बढ़ गई है। वर्ष 2023 में जहां 63 लाख 14 हजार 993 यात्रियों ने यात्रा की थी, वहीं 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 75 लाख 51 हजार 547 पहुंच गया। इस तरह यात्रियों की संख्या में करीब 19.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या का असर अब ट्रेनों में सीट और बर्थ की उपलब्धता पर दिखाई देने लगा है। सामान्य दिनों में भी यात्रियों को वेटिंग टिकट मिल रहे हैं, जबकि त्योहारों के दौरान कन्फर्म टिकट हासिल करना मुश्किल हो जाता है। स्टेशन पर रोजाना औसतन 20 हजार 689 यात्री सफर कर रहे हैं। वर्ष 2023 में यह आंकड़ा 17 हजार 301 था। यानी प्रतिदिन 3,388 अतिरिक्त यात्री बढ़ गए हैं।
तीन साल में लगातार बढ़ी यात्रियों की संख्या
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 63,14,993 यात्रियों ने बिलासपुर स्टेशन से सफर किया। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 68,65,142 और 2025 में 75,51,547 हो गई। जनवरी से अक्टूबर 2026 तक 46,57,981 यात्री यात्रा कर चुके हैं। जनवरी 2023 से अक्टूबर 2026 तक कुल 2,53,89,663 यात्रियों ने स्टेशन से सफर किया है।
11 प्रमुख ट्रेनों में स्लीपर की औसत वेटिंग 66
यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच प्रमुख ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची भी लंबी होती जा रही है। 11 प्रमुख ट्रेनों में स्लीपर श्रेणी की औसत वेटिंग 66, थर्ड एसी की 40 और सेकंड एसी की 46 है। दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर कई श्रेणियों में वेटिंग 100 के पार पहुंच जाती है। स्लीपर श्रेणी में आजाद हिंद एक्सप्रेस की वेटिंग 96, अमरकंटक एक्सप्रेस की 85 और गोंदिया एक्सप्रेस की 79 तक पहुंच रही है।
रोजाना 180 से 230 यात्री ट्रेनों का परिचालन
बिलासपुर स्टेशन से रोजाना करीब 340 यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां गुजरती हैं। इनमें यात्री ट्रेनों की संख्या 180 से 230 के बीच रहती है। सार्वजनिक समय-सारिणी में कुल 226 ट्रेनें निर्धारित हैं। इनमें 35 ट्रेनें बिलासपुर से शुरू होती हैं, जबकि 34 ट्रेनों का संचालन यहां आकर समाप्त होता है। इसके बावजूद बढ़ती यात्री संख्या के अनुपात में सीटों की उपलब्धता बड़ी चुनौती बनी हुई है।
त्योहारों में 79 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाईं
दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 79 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की। इनके 233 से अधिक फेरे निर्धारित किए गए। पहले 67 ट्रेनों के 211 फेरे घोषित किए गए थे। इसके बाद 12 नई स्पेशल ट्रेनों के 22 अतिरिक्त फेरे घोषित किए गए।
संसाधनों के अनुसार बढ़ाए जाते हैं कोच
सीटों की उपलब्धता और यात्रियों की सुविधा को लेकर रेलवे का कहना है कि उपलब्ध संसाधनों के अनुसार ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाते हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाता है।
अनुराग सिंह, सीनियर डीसीएम ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त कोच लगाने के साथ स्पेशल ट्रेनें भी चलाता है, ताकि यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।












