मुंगेली कोर्ट में हंगामा — कटघरे से कूदकर जज तक पहुंचने की कोशिश, डायस का कांच तोड़ने का प्रयास

चोरी के आरोपी ने पीठासीन अधिकारी को दी जान से मारने की धमकी, कोर्ट स्टाफ से भी की बदतमीजी — 3 धाराओं में FIR, एसपी बोले- सख्त कार्रवाई होगी

संदीप यादव मुंगेली। जिला न्यायालय परिसर मुंगेली में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विचाराधीन बंदी ने न्यायिक प्रक्रिया के दौरान अभद्र आचरण की सारी हदें पार कर दीं। चोरी के मामले में पेशी पर आए आरोपी ने न केवल पीठासीन अधिकारी के साथ अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी, बल्कि कटघरे से छलांग लगाकर जज के डायस के पास लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास कर उन तक पहुंचने का दुस्साहस भी किया। न्यायालयीन इतिहास की इस गंभीर घटना से पूरा परिसर हिल गया।

पुलिस के अनुसार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सतीश कुमार खाखा की अदालत में सरगांव थाना क्षेत्र से जुड़े एक हाइवा चोरी के मामले (अपराध क्रमांक 189/26, धारा 303, 2) की सुनवाई चल रही थी। इस प्रकरण में आरोपी भगताराम राजपूत को कटघरे में खड़ा किया गया था। कार्यवाही के दौरान जब न्यायाधीश ने उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसका नाम पूछा तो आरोपी आगबबूला हो गया।

आरोपी ने अचानक कटघरे से छलांग लगा दी और जज के डायस की ओर बढ़ते हुए वहां लगे कांच को तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान उसने कोर्ट के स्टाफ के साथ भी बदतमीजी की। मौजूद पुलिसकर्मियों और कोर्ट कर्मचारियों ने बड़ी मुश्किल से उसे काबू में किया।

इस पूरे घटनाक्रम पर बात करते हुए मुंगेली के पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि न्यायालय के प्रस्तुतकार के माध्यम से हमें लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कोर्ट के स्टाफ से भी की बदतमीजी, 3 धाराओं में एफआईआर के तहत आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Hot Topics

Related Articles