बिलासपुर।छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां शहर में आयोजित एक गरबा कार्यक्रम में शामिल होने आई मशहूर टीवी अभिनेत्री अद्रिजा रॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद वह विवादों में घिर गई हैं क्योंकि वीडियो में वह रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चलती हुई कार में खतरनाक स्टंट करती नजर आ रही हैं। जानकारी के मुताबिक, अभिनेत्री गरबा उत्सव में शिरकत करने के लिए बिलासपुर पहुंची थीं, लेकिन इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले ही उनका यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया।
वायरल हो रहे इस वीडियो में अद्रिजा रॉय चलती कार का सनरूफ खोलकर बाहर निकली हुई हैं, जिसे लेकर अब उन पर यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लोग इस तरह व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर लापरवाही से स्टंट करने को लेकर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। आम जनता का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ खुद की जान को जोखिम में डालती है बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
- इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब हर किसी की नजर बिलासपुर की यातायात पुलिस पर टिकी हुई है कि क्या विभाग इस वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेकर अभिनेत्री के खिलाफ कोई कानूनी या दंडात्मक कार्रवाई करता है या नहीं।






