दुर्ग : निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी से तंग आकर युवती ने दी जान, छत्तीसगढ़ी में छोड़ा सुसाइड नोट

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक युवती ने अवैध संबंध बनाने के दबाव और निजी तस्वीरें-वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है, जिससे हड़कंप मच गया है। युवती ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट भी लिा है, जिसमें उसने एक लड़के को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट लिखकर लगाई फांसी

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान डिपरापारा निवासी पायल निर्मलकर के रूप में हुई है, जिसने आज अपने घर में दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से पहले पायल ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए योगी नामक युवक को जिम्मेदार ठहराया है।परिजनों का आरोप है कि योगी लगातार उस पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। इतना ही नहीं, पायल को कथित तौर पर धमकी दी जाती थी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो उसके निजी वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। इन धमकियों के चलते पायल मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी। आत्महत्या से पहले उसने अपने मोबाइल को अनलॉक छोड़ा था। मोबाइल की गैलरी में कई तस्वीरें और पेमेंट से जुड़े स्क्रीनशॉट भी मिले हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया। इस पूरे मामले में एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। मोबाइल फोन में मिले फोटो, पेमेंट स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती को किन परिस्थितियों में प्रताड़ित किया गया और आरोपी युवक की भूमिका क्या थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hot Topics

Related Articles