भाटापारा(रिपोर्टर मोहन तिवारी)शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तरेंगा में शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तरेंगा के सरपंच त्रिवेणी /धनेश साहू मुख्य अतिथि, अविनाश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपसरपंच सतीश सोनी ने की। इस अवसर पर जनपद सदस्य मानु खन्नालाल साहू भी उपस्थित रहे।

समारोह में कक्षा पहली एवं छठवीं के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कर आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों ने बच्चों को नियमित विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कक्षा आठवीं एवं पाँचवीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शाला परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। संस्था प्रमुख दीपिका वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा उनकी पढ़ाई में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय सदैव समर्पित है।
विद्यालय के समन्वयक कौशल वर्मा ने बताया कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है। शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास कर उसे एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है। शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर मध्यान्ह भोजन में सभी बच्चों को विशेष रूप से स्वादिष्ट सूजी का हलवा परोसा गया, जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कौशल वर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन शाला परिवार की ओर से किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करे।






