बालोद। जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 930 पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जमहि टोल प्लाजा और गुजरा गांव के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से एक की पहचान ग्राम गुजरा निवासी डोमेन्द्र यादव के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और शवों को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे 930 पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर दल्लीराजहरा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। फिलहाल दोनों मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मरचुरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





