दिल्ली में विद्यार्थियों पर कार्रवाई के विरोध में डोंगरगांव में कांग्रेस का प्रदर्शन

  • धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डोंगरगांव ने आक्रोश रैली निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में विधायक दलेश्वर साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष टिकेश साहू, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली रेस्ट हाउस से शुरू होकर पुराना बस स्टैंड, मेन रोड, राजीव गांधी चौक, मुख्य बाजार, चंडी मंदिर और पुराना बाजार क्षेत्र से होते हुए पुनः पुराना बस स्टैंड पहुंची।

रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की एवं छीनाझपटी भी हुई। इसके बावजूद कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अनुसार, प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में 100 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और पार्टी ऐसे मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।

Hot Topics

Related Articles