बलौदाबाजार। दिवाली की रात बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई में जुआ खेलते हुए 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 57 हजार 230 रुपये नकद, ताश की 52 पत्ती और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश पर जिले में विशेष एंटी क्राइम अभियान चलाया गया था। इसके तहत सिमगा, भाटापारा शहर, कसडोल, सुहेला समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जुए के ठिकानों पर दबिश दी। अचानक हुई पुलिस की कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया।
57,230 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 57 हजार 230 रुपये नकद और ताश की 52 पत्ती सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2), 5 एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पत्रकार, पार्षद और सरपंच प्रतिनिधि के नाम भी चर्चा में
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार लोगों में पत्रकार, पार्षद और सरपंच प्रतिनिधि से जुड़े नाम भी शामिल हैं। हालांकि, इनकी पहचान और कार्रवाई में उनकी भूमिका को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कसडोल में दो चर्चित लोगों के फरार होने की चर्चा
इधर, कसडोल थाना क्षेत्र में जुए के फड़ से दो चर्चित लोगों के फरार होने की भी चर्चा सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक उनके नाम और फरार होने की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दिवाली जैसे बड़े त्योहार के दौरान पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है।












