- भीड़भाड़ वाले बाजार में हंगामा
रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाला कटोरातालाब इलाका उस वक्त अचानक चर्चा का केंद्र बन गया, जब वहां दो विदेशी नागरिक आपस में भिड़ गए। एक नाइजीरियाई युवक और युवती के बीच अचानक शुरू हुई तीखी बहस ने देखते ही देखते बड़े विवाद का रूप ले लिया। बीच बाजार में दोनों को इस तरह गुस्से में लड़ते देख वहां मौजूद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
भाषा न समझ पाने से उलझे लोग
इस हंगामे के दौरान दिलचस्प बात यह रही कि दोनों विदेशी नागरिक आपस में अंग्रेजी के साथ-साथ अपनी स्थानीय नाइजीरियाई भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। अपनी मातृभाषा में तेज आवाज में बात करने के कारण आसपास खड़े स्थानीय लोग शुरुआत में इस पूरे विवाद की वजह को समझ ही नहीं पाए। काफी देर तक बाजार में तमाशा चलता रहा और लोग सिर्फ मूकदर्शक बनकर उन्हें देखते रहे।
भारतीय लड़कियों के साथ डांस पर था विवाद
काफी देर बाद वहां मौजूद एक अंग्रेजी जानने वाले स्थानीय व्यक्ति ने उनकी बातचीत को ध्यान से सुना और समझने का प्रयास किया। उस व्यक्ति की मदद से यह साफ हुआ कि दोनों के बीच कथित तौर पर एक नाइट पार्टी में भारतीय लड़कियों के साथ डांस करने को लेकर विवाद चल रहा था। युवती इस बात से काफी नाराज थी, जिसे लेकर वह बीच सड़क पर ही युवक से उलझ पड़ी। हालांकि सूत्रों के हवाले से इस मामले में कुछ अन्य जानकारियां भी सामने आ रही हैं।












