‘देश को नेपाल बना देंगे राहुल गांधी’, कांग्रेस के ‘सत्याग्रह’ कैंपन पर गिरिराज सिंह का बड़ा बयान

बिहार।विपक्ष द्वारा SIR और चुनाव आयोग का विरोध करने को लेकर बीजेपी के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय नेता गिरिराज सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि, SIR से उन्हें इसलिए भी परेशानी हो रही है, क्योंकि वो बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को देश का नागरिक बनाकर उनसे वोट डलवाना चाहते थे। इसीलिए वे चुनाव आयुक्त को बुरा-भला कह रहे हैं। असल में तो ज्ञानेश कुमार को बधाई दी जानी चाहिए। उन्होंने देश की सुरक्षा और हित में कई बांग्लादेशियों को रोकने का काम किया है।

‘कैप्टन स्मित मच्छार को बधाई तक नहीं दे पाए’

इस दौरान गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, देश के बहादुर व्यक्ति, कैप्टन स्मित मच्छार को वे बधाई तक नहीं दे पाए! जांच में जो बात सामने आई, वह काफी हैरान करने वाली है। उस पायलट ने भारत का मान बढ़ाया। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें बधाई दी और धन्यवाद कहा। इजराइल के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी ऐसा ही किया। भारत के प्रधानमंत्री ने उनसे बात की।लेकिन इनकी जबान पर जैसे ताला लग गया था-चाहे उनकी मां सोनिया जी हों, उनकी बहन हों, कांग्रेस हो, कॉकरोच हों, मगरमच्छ हों या कोई भी हो। क्यों? क्योंकि जो व्यक्ति विमान को क्रैश करना चाहता था, वह मुसलमान था। मुसलमान चाहे कहीं का भी हो, उन्हें लगता है कि वह उनका वोट बैंक है।

देश को नेपाल बना देंगे राहुल- गिरिराज सिंह

वहीं, राहुल गांधी द्वारा ‘सत्याग्रह’ डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च करने पर कहा कि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। जब उन्हें ‘अर्बन नक्सल’ कहा गया तो उन्हें बुरा लगा। क्या कोई अच्छे काम के लिए सत्याग्रह करता है? और वे देश में अराजकता फैलाने के लिए यह सत्याग्रह पोर्टल लाए हैं। वे खुद कह रहे हैं कि वे अराजकता फैलाना चाहते हैं। वे देश को बांग्लादेश बनाना चाहते हैं। उनके लोग कहते हैं कि वे देश को नेपाल बना देंगे।

राहुल गांधी को लोग पप्पू समझते हैं- श्रवण कुमार

जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, उनसे कुछ होने वाला नहीं है। देश भर के लोग उनको पप्पू समझते हैं। उनकी न आवाज में दम है, न उनके काम में दम है और न उनकी पार्टी में दम है, कुछ दम नहीं है। वो कुछ नहीं कर पाएंगे। उनकी मम्मी (सोनिया गांधी) हमारे नीतीश कुमार पर उल्टा-सीधा बयान देती हैं। उनकी मम्मी को बूझना चाहिए कि नीतीश कुमार जी को उनके सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।

Hot Topics

Related Articles