- धमतरी में गार्ड ऑफ ऑनर संग अंतिम संस्कार, शहीद को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
धमतरी। जिले के ग्राम शंकरदहा ने मंगलवार को अपने वीर सपूत एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ( आईटीबीपी ) के जवान खिलेश कुमार ध्रुव को अश्रुपूरित आंखों से अंतिम विदाई दी। ड्यूटी के दौरान असामयिक निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर गृहग्राम पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
धमतरी पहुंचते ही ग्रामीणों ने तिरंगा लेकर बाइक रैली निकाली। “भारत माता की जय” के जयघोष के बीच पार्थिव शरीर को शंकरदहा गांव लाया गया। घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग पहुंचे। अंतिम यात्रा के दौरान “वीर जवान अमर रहे”, “भारत माता की जय” और “जब तक सूरज-चांद रहेगा, खिलेश तेरा नाम रहेगा” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। बारिश के बावजूद महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
शंकरदहा स्कूल परिसर में अंतिम संस्कार से पहले आईटीबीपी और पुलिस के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। इसके बाद राजकीय सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
नारायणपुर से लौटते समय बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, खिलेश कुमार ध्रुव (32) वर्ष 2013-14 से आईटीबीपी में पदस्थ थे। वे हाल ही में नक्सल प्रभावित नारायणपुर क्षेत्र में ड्यूटी पूरी कर गुवाहाटी (असम) लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उपचार के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया।






