बलौदाबाजार-भाटापारा छत्तीसगढ़ प्रांत सेन (नाई) समाज जिला बलौदाबाजार-भाटापारा ने 20 सितंबर 2026 को व्यापम द्वारा आयोजित लैब असिस्टेंट परीक्षा के प्रश्नपत्र में सेन समाज से संबंधित कथित आपत्तिजनक एवं अपमानजनक लोकोक्ति को विकल्प के रूप में शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई है। समाज की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान अथवा भाषा संबंधी प्रश्न के विकल्प के रूप में नाऊ मरगे त मुड़ कौन मुड़ही जैसी लोकोक्ति को शामिल किया गया। सेन समाज का कहना है कि यह लोकोक्ति समाज की पारंपरिक पहचान और व्यवसाय से जुड़ी हुई है। इसे प्रश्नपत्र में विकल्प के रूप में शामिल किए जाने से समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज पदाधिकारियों ने कहा कि सामान्य ज्ञान अथवा भाषा संबंधी प्रश्नों के लिए अनेक अन्य लोकोक्तियों का उदाहरण लिया जा सकता था।








