नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की पहचान बनेंगे : शारदा प्रसाद गुप्ता

कोरिया। “MY BHARAT” (मेरा युवा भारत) के तत्वावधान में आयोजित “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम में युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता शारदा प्रसाद गुप्ता मुख्य वक्ता एवं यूथ आइकॉन के रूप में शामिल हुए। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े की भी विशेष उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने नशामुक्त समाज, युवा शक्ति और विकसित भारत के निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दिया गया।

 

इस अवसर पर मुख्य वक्ता भाजपा नेता शारदा प्रसाद गुप्ता ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। यदि हमारी युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ेगी, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

 

उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और पूरे समाज को कमजोर करता है। इसलिए नशामुक्ति को केवल एक अभियान न मानकर इसे जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।

 

उन्होंने आगे कहा कि “मेरा युवा भारत” का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। आज आवश्यकता है कि युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं और शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा तथा नवाचार के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दें।

 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों एवं युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान नशे से दूर रहने, दूसरों को भी जागरूक करने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े ने भी युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में सही संस्कार एवं जागरूकता पैदा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

कार्यक्रम के अंत में युवाओं से आह्वान किया गया कि वे “नशे को ना, जीवन को हां” का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं और नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Hot Topics

Related Articles