भाटापारा। ग्राम सूरजपुरा के गोठान में गौवंश की मौत का मामला सामने आने के बाद क्षेत्रीय विधायक इंद्र साव ने चिंता जताई है। विधायक ने गोठान की स्थिति का उल्लेख करते हुए गौवंश के लिए चारा-पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता बताई।
विधायक इंद्र साव ने कहा कि गौवंश संरक्षण और संवर्धन को लेकर सरकार की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन सूरजपुरा गोठान में मृत गौवंश का मामला इन दावों की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि गोठानों में ही यदि गौवंश के लिए चारा-पानी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है, तो संरक्षण के दावों का उद्देश्य अधूरा रह जाता है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक घटना या तस्वीर का विषय नहीं, बल्कि गौवंश की सुरक्षा और गोठानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की निगरानी से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। विधायक ने शासन-प्रशासन से गौवंश के लिए पर्याप्त चारा-पानी, देखभाल एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
विधायक इंद्र साव ने कहा कि गौवंश संरक्षण के लिए केवल दावों के बजाय धरातल पर प्रभावी व्यवस्था दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने गौवंश की वास्तविक सुरक्षा एवं बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया।








