पटवारी के गांव नहीं आने से ग्रामीण परेशान, प्रमाण पत्रों के लिए भटक रहे विद्यार्थी

  • फोन भी नहीं उठाने का आरोप, आमदनी और निवास प्रमाण पत्र के लिए बढ़ी परेशानी

बिलासपुर/सीपत:- ग्राम पंचायत बिटकुला, मड़ई में पटवारी हल्का नंबर 08 के पटवारी पुष्पेन्द्र सिंह के नियमित रूप से गांव में नहीं आने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पटवारी के गांव में नहीं आने के साथ-साथ फोन करने पर भी फोन नहीं उठाया जा रहा है, जिसके कारण ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को आमदनी एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही है। प्रमाण पत्र समय पर तैयार नहीं होने के कारण विद्यार्थी स्कूल में आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं कर पा रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई से जुड़ी प्रक्रियाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रमाण पत्र बनवाने सहित अन्य राजस्व कार्यों के लिए उन्हें बार-बार पटवारी से संपर्क करने का प्रयास करना पड़ रहा है, लेकिन संपर्क नहीं हो पाने से समस्याएं हो रही है।

ग्रामीणों ने संबंधित राजस्व अधिकारियों से मामले में शीघ्र संज्ञान लेते हुए पटवारी की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा लंबित आमदनी एवं निवास प्रमाण पत्रों का जल्द निराकरण कराने की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles