पांच साल से जर्जर सीपत-बलौदा सड़क की सुध ले प्रशासन, तत्काल मरम्मत व नवीनीकरण की मांग

  • जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सड़क सुधार नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन व चक्काजाम की चेतावनी

बिलासपुर,सीपत कमलकांत पाटनवार:– पिछले करीब पांच वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी सीपत नवाडीह चौक से बलौदा तक की सड़क के तत्काल मरम्मत एवं नवीनीकरण की मांग को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, मस्तूरी ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मस्तूरी को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से सड़क का शीघ्र निरीक्षण कर गड्ढों की भराई और आवश्यकतानुसार संपूर्ण मार्ग के नवीनीकरण की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि मस्तूरी तहसील अंतर्गत सीपत नवाडीह चौक से बलौदा तक की सड़क लंबे समय से अत्यंत खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, डामर की परत उखड़ चुकी है और सड़क के किनारे भी टूट-फूट गए हैं। बरसात के दौरान गड्ढों में जलभराव होने से मार्ग की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रमुख मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीणों के साथ किसान, मजदूर, छात्र-छात्राएं, कर्मचारी एवं अन्य यात्री आवागमन करते हैं। इसी मार्ग से एम्बुलेंस और स्कूल वाहन भी गुजरते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं वाहनों के क्षतिग्रस्त होने और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने मांग की है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तत्काल सड़क का स्थल निरीक्षण कर तकनीकी जांच कराएं तथा प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों की भराई, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और आवश्यकता अनुसार सड़क के संपूर्ण नवीनीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। पार्टी ने कहा कि सड़क सुधार होने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क सुधार का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो जनता के हित में संवैधानिक अधिकारों के तहत चरणबद्ध जनआंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम जैसे आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है। पार्टी का कहना है कि ऐसी स्थिति निर्मित होने पर इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

Hot Topics

Related Articles