पुलिस पर युवक को गाड़ी से कुचलने के आरोप की जांच, वायरल वीडियो की खुली हकीकत

जियाउल खान ,लखनपुर /सरगुजा


  • पुलिस पर युवक को गाड़ी से कुचलने के आरोप की जांच, वायरल वीडियो की खुली हकीकत

एसडीओपी राकेश बघेल ने लखनपुर पहुंचकर की जांच, युवक ने खुद घटना से किया इनकार; कई लोगों के लिए गए बयान

लखनपुर थाना क्षेत्र मे झिनपुरी पारा जोधपुर में गणेश विसर्जन के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से एक युवक को कुचलने तथा पुलिसकर्मियों के नशे में होने के आरोप को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की सत्यता की जांच के लिए एसडीओपी राकेश बघेल लखनपुर पहुंचे और घटनास्थल सहित पूरे मामले की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि गणेश विसर्जन के दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से युवक को कुचलने और पुलिस कर्मचारियों के नशे में होने का आरोप लगाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ने इसकी सत्यता की जांच शुरू की।

एसडीओपी राकेश बघेल ने लखनपुर थाना पहुंचकर मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की तथा कई लोगों के कथन दर्ज किए। जांच के दौरान कथित रूप से जिस युवक को पुलिस वाहन से कुचलने का आरोप लगाया गया था, उसका बयान भी सामने आया है। युवक ने इस तरह की कोई घटना होने से इनकार किया है।

वहीं एसडीओपी राकेश बघेल का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम के वास्तविक तथ्य सामने आएंगे और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल जांच में वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है, ताकि वायरल वीडियो और वास्तविक घटनाक्रम के बीच की सच्चाई स्पष्ट हो सके।

Hot Topics

Related Articles