फिंगेश्वर (गरियाबंद)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भक्तिन माता फिंगेश्वर में उपचार के दौरान गंभीर चिकित्सीय लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्राम परसदा निवासी 48 वर्षीय किसान एवं मजदूर मनहरण डहरिया ने आरोप लगाया है कि सरकारी अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने के दौरान सुई टूटकर उनकी कमर के निचले हिस्से में फंस गई, जिससे वे पिछले कई दिनों से असहनीय दर्द से जूझ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मनहरण डहरिया 26 अक्टूबर 2026 को अपनी पत्नी की आंखों का उपचार कराने के लिए फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान हाथ-पैरों में दर्द की शिकायत होने पर उन्होंने अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से अपना भी इलाज कराया और कमर में इंजेक्शन लगवाया। पीड़ित का कहना है कि इंजेक्शन लगवाने के करीब 10 से 15 दिन बाद उनकी कमर में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया, जो समय के साथ असहनीय होता चला गया।
दर्द बढ़ने पर परिजन उन्हें राजिम स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकीय सलाह पर सीटी स्कैन, सोनोग्राफी और एक्स-रे कराया गया। जांच रिपोर्ट में कमर के निचले हिस्से के भीतर इंजेक्शन की सुई का करीब 17 मिलीमीटर लंबा टूटा हुआ टुकड़ा फंसा होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने सुई निकालने के लिए तत्काल ऑपरेशन कराने की सलाह दी है।
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पीड़ित मनहरण डहरिया ने पिछले दो वर्षों में दूसरी बार अपने साथ ऐसी घटना होने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भी महासमुंद और खरोरा के सरकारी अस्पतालों में इलाज के दौरान उनकी कमर में इंजेक्शन की सुई टूटकर फंस गई थी, जिसे बाद में ऑपरेशन के जरिए निकलवाया गया था। अब एक बार फिर फिंगेश्वर अस्पताल में ऐसी ही स्थिति बनने से स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
आर्थिक रूप से बेहद कमजोर होने के कारण मनहरण डहरिया का परिवार निजी अस्पताल में ऑपरेशन का खर्च उठाने में असमर्थ है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने, दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा सरकारी खर्च पर समुचित इलाज उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। वहीं, दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर के प्रभारी चिकित्सक ने लापरवाही के सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












