राजनांदगांव : शराब भट्ठी के पास चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा था युवक, चिखली पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजनांदगांव। शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में चिखली पुलिस ने शराब भट्ठी के पास सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को चिखली पुलिस को सूचना मिली कि चिखली शराब भट्ठी के पास एक युवक चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान दीपक ठाकुर (25 वर्ष), निवासी स्टेशनपारा, बूढ़ी माई मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 12, चौकी चिखली के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे आदेशानुसार जेल दाखिल किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दीपक ठाकुर आदतन बदमाश है और उसके विरुद्ध पूर्व में हत्या एवं आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में भी प्रकरण दर्ज हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और आम लोगों को भयभीत करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Hot Topics

Related Articles