बंगाल में बीजेपी ने लगाया दोहरा शतक, पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया आई

नई दिल्ली।बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट करके राज्य की जनता का आभार जताया. उन्होंने लिखा, ‘पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया. 2026 का पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखा जाएगा. जनता की शक्ति की जीत हुई है. जनता ने सुशासन की राजनीति पर भरोसा जताया है. मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक नागरिक को नमन करता हूं. जनता ने बीजेपी को शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें आश्वस्त करता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी. हम ऐसी सरकार देंगे जो समाज के हर वर्ग के लिए अवसर और सम्मान सुनिश्चित करे. पश्चिम बंगाल में बीजेपी की यह ऐतिहासिक जीत अनगिनत कार्यकर्ताओं के वर्षों के परिश्रम और संघर्ष के बिना संभव नहीं थी. मैं उन सभी को नमन करता हूं. उन्होंने वर्षों तक जमीनी स्तर पर काम किया, हर तरह की कठिनाइयों का सामना किया और हमारे विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया. यही हमारी पार्टी की असली ताकत है.’बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, ‘बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन. यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है. यह टीएमसी के भय के ऊपर पीएम नरेंद्र मोदी के भरोसे की जीत है. मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में मां गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है. बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा. भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुंचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं. बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है. इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और बंगाल के कोने-कोने में डटे हर एक कार्यकर्ता को बधाई देता हूं. बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियां कभी भूल नहीं पाएंगी. बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ पीएम मोदी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे. चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की पावन भूमि बंगाल का खोया गौरव लौटाने और सोनार बांग्ला के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी.’  बंगाल में बीजेपी की लीड 200 के पार पहुंच गई है. बीजेपी के उम्मीदवार 203 विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं. टीएमसी के बढ़त घटकर अब 84 रह गई है।

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles