बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का सराहनीय कदम, 10 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला ‘COP OF THE MONTH’ सम्मान

मोहन तिवारी,बलौदाबाजार, 14 अक्टूबर 2026। अपराधों के त्वरित निराकरण, लंबित मामलों के निकाल, जटिल आपराधिक प्रकरणों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना और बेहतर पुलिसिंग में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित समारोह में सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर ‘COP OF THE MONTH’ सम्मान से नवाजा।

यह सम्मान साहसिक कार्यों, अपराध अनुसंधान, साइबर जागरूकता अभियान, डायल 112 के माध्यम से आपातकालीन सहायता, तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचनाओं के संकलन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को प्रदान किया गया।

एसपी गौरव राय ने की पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने, गंभीर अपराधों के त्वरित अनुसंधान और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर एसपी गौरव राय ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्यों का सजगता, निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सम्मान से अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी जनसेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहतर प्रदर्शन करने को प्रेरित होंगे।

विभिन्न श्रेणियों में इन 10 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

1. अपराध निराकरण एवं खात्मा स्वीकृत कराने में उत्कृष्ट कार्य

निरीक्षक परिवेश तिवारी, थाना प्रभारी पलारी एवं वर्तमान थाना प्रभारी सिमगा को अपराधों के निराकरण और खात्मा स्वीकृत कराने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

2. लंबित अपराधों के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन

निरीक्षक प्रवीण मिंज, तत्कालीन थाना प्रभारी कसडोल को जिले में अपराध निराकरण की कार्रवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान मिला।

3. जटिल आपराधिक मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना

उप निरीक्षक शेख करीमुद्दीन कुरैशी, तत्कालीन थाना सिमगा और सहायक उप निरीक्षक कुलमणी बारीक, तत्कालीन थाना भाटापारा शहर को जटिल आपराधिक मामलों की साक्ष्य आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना के लिए सम्मानित किया गया।

4. साइबर जागरूकता अभियान में सराहनीय योगदान

राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान के तहत आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने में उत्कृष्ट योगदान के लिए उप निरीक्षक संदीप बंजारे, थाना प्रभारी गिधौरी और आरक्षक क्रमांक 837 प्रवीण यादव, थाना लवन को सम्मानित किया गया।

5. डायल 112 सेवा के माध्यम से त्वरित सहायता

आपातकालीन परिस्थितियों में मौके पर पहुंचकर आम नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए आरक्षक क्रमांक 608 रूपेश कुमार बघेल, थाना भाटापारा ग्रामीण और आरक्षक क्रमांक 757 कमलेश्वर बर्मन, थाना कसडोल को सम्मान प्रदान किया गया।

6. साइबर सेल एवं गोपनीय सूचना संकलन में उत्कृष्ट कार्य

तकनीकी विश्लेषण और अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए आरक्षक क्रमांक 593 गौरी कश्यप, साइबर सेल तथा गोपनीय सूचनाओं के संकलन में उत्कृष्ट योगदान के लिए आरक्षक क्रमांक 844 श्रीचंद ध्रुव, आसूचना संकलन को सम्मानित किया गया।

उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने की पहल

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की यह पहल बेहतर पुलिसिंग, जवाबदेही और जनसेवा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ‘COP OF THE MONTH’ सम्मान के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को पहचान देने के साथ अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे जिले में अपराध नियंत्रण, प्रभावी कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Hot Topics

Related Articles