कमलकांत पाटनवार
सीपत/नवागांव
मां दुर्गा आयोजक ज्योति कलश सेवा समिति माता चौरा, नवागांव मचखंडा द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन नवागांव मचखंडा, तह. सीपत, जिला बिलासपुर

ग्राम स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मां महामाया मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा आयोजक ज्योति सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्रि महोत्सव एवं मां महामाया के दिव्य दरबार का भव्य आयोजन किया गया है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में विशेष उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
प्राचीन सिद्धपीठ मां महामाया मंदिर की है विशेष मान्यता
ग्राम में स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मां महामाया मंदिर का इतिहास काफी पुराना है। बुजुर्गों के अनुसार, इस मंदिर में मां महामाया की विशेष महिमा है और यहां ज्योति कलश प्रज्वलित किया जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि मां महामाया के दरबार में सच्चे मन से प्रार्थना करने पर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही वजह है कि नवरात्रि के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
नौ दिनों तक होगी मां आदिशक्ति के नौ रूपों की आराधना
शारदीय नवरात्रि का पर्व मां आदिशक्ति दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना का विशेष अवसर है। इन नौ दिनों में मां महामाया की विशेष पूजा-अर्चना, आकर्षक श्रृंगार, अखंड ज्योति एवं महाआरती की जाएगी। मंदिर परिसर में सुबह-शाम होने वाली पूजा-अर्चना से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा।
समिति द्वारा नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह और शाम महाआरती, जसगीत एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही रात्रिकालीन माता जगराता कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु माता के भजनों के माध्यम से मां की आराधना करेंगे।

श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील
मां दुर्गा आयोजक ज्योति कलश सेवा समिति ने समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार पहुंचकर प्राचीन सिद्धपीठ मां महामाया के दिव्य दर्शन करने तथा धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
इस आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीणों के सहयोग और सामूहिक सहभागिता से नवरात्रि महोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। मां महामाया के जयकारों और जसगीतों से नवागांव का वातावरण भक्तिमय है।
इस धार्मिक आयोजन में आचार्य पंडित दीपक शर्मा जी द्वारा पूजा-अर्चना संपन्न कराई जा रही है
मुख्य यजमान सीमा अजय यादव
🚩 जय माता दी! जय मां महामाया 🙏🏻






