बलौदाबाजार भाटापारा रोजगार मेला में 264 पदों पर भर्ती   

बलौदाबाजार /भाटापारा (रिपोर्टर मोहन तिवारी):=निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 8 जुलाई, बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 264 पदों पर भर्ती की जाएगी. सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रोजगार कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस मेले में योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही साक्षात्कार लिया जाएगा.कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस रोजगार मेले का उद्देश्य जिले के शिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. रोजगार कार्यालय के अनुसार अलग-अलग कंपनियों में शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर भर्ती की जाएगी.

इन कंपनियों में मिलेगी नौकरी

भारतीय जीवन बीमा (LIC) बलौदाबाजार द्वारा अभिकर्ता के 50 पद, डाटा एंट्री ऑपरेटर का 1 पद और मैनेजर का 1 पद भरा जाएगा. इन पदों के लिए 18 से 50 वर्ष आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को 7 हजार से 20 हजार रुपये तक वेतन के साथ इंसेंटिव और कमीशन भी मिलेगा.

ऋषभ वेंचर्स बलौदाबाजार में सेल्स के 11 पद, इलेक्ट्रिशियन का 1 पद और कम्प्यूटर ऑपरेटर का 1 पद उपलब्ध है. इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई या डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को 9 हजार से 12 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा.

किरण एग्रीकल्चर बलौदाबाजार में सेल्स के 11 पद, कम्प्यूटर ऑपरेटर के 2 पद और अकाउंटेंट का 1 पद भरा जाएगा. यहां वेतन 8 हजार से 12 हजार रुपये तक निर्धारित किया गया है.

यूनिक्स सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड रायपुर द्वारा डाटा एंट्री ऑपरेटर के 35 पदों पर भर्ती की जाएगी. इन पदों के लिए 10वीं पास से लेकर उच्च शिक्षित अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को 15 हजार 600 रुपये से 26 हजार 700 रुपये तक वेतन मिलेगा. कार्यस्थल रायगढ़ रहेगा.

आश्रव फाउंडेशन एंड सिक्योरिटी रायपुर द्वारा बेबी सिटर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर और हाउसकीपिंग के 30-30 पद, यानी कुल 120 पदों पर भर्ती की जाएगी. इन पदों के लिए न्यूनतम योग्यता पांचवीं पास रखी गई है. चयनित उम्मीदवारों को 9 हजार से 24 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा. कार्यस्थल रायपुर रहेगा.

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए क्या जरूरी है?

रोजगार मेले में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए जिला रोजगार कार्यालय में रोजगार पंजीयन और ऑनलाइन रोजगार आवेदन अनिवार्य है. इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ रोजगार एप या ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से पहले अपना पंजीयन कर सकते हैं.

ये दस्तावेज साथ लाना होगा

साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी शैक्षणिक अंकसूचियों की छायाप्रति, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), रोजगार पंजीयन की प्रति, ऑनलाइन आवेदन की प्रिंट कॉपी तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लाने होंगे.

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

रोजगार कार्यालय का कहना है कि जिले के युवाओं को बिना किसी शुल्क के निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है. योग्य अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार देकर नौकरी पाने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं.अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बलौदाबाजार या दूरभाष नंबर 07727-299443 पर संपर्क किया जा सकता है.

Hot Topics

Related Articles