बलौदाबाजार ,देशभक्ति के जज्बे और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर बलौदाबाजार शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। जिला मुख्यालय में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नागरिक, युवा और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। गार्डन चौक स्थित अटल परिसर से तिरंगा यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, डॉ. सनम जांगड़े और प्रमोद शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। यात्रा नया बस स्टैंड होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची, जहां समापन हुआ।
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति गीतों और नारों की गूंज सुनाई देती रही। भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के बीच बड़ी संख्या में लोग यात्रा से जुड़ते गए।
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, डीएफओ पंकज कमल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, सीईओ दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।














