बारिश बनी आफत: नगरी में एक ही दिन तीन लोग लापता, दो मछुआरे तेज बहाव में बहे, 9 वर्षीय बालक का अब तक सुराग नहीं

नगरी : धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। 28 जुलाई को एक ही दिन तीन लोगों के लापता होने की घटनाओं ने पूरे इलाके में चिंता का माहौल पैदा कर दिया। इनमें साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गए दो ग्रामीण तेज बहाव की चपेट में आ गए, जबकि सिरसिदा गांव का 9 वर्षीय बालक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया।

जानकारी के अनुसार, घोटगांव निवासी धनराज तेता (48) अपने साथियों के साथ साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से वह पानी में बह गया। घटना के तीन दिन बाद सिहावा पुलिस ने उसका शव बरामद कर लिया।

वहीं, फरसिया निवासी गुलाल पहरिया (35) भी उसी एनीकट में मछली पकड़ने के दौरान लापता हो गया। ग्रामीणों और पुलिस ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

इधर, बालका नदी किनारे बसे सिरसिदा गांव का 9 वर्षीय निकेतन साहू स्कूल से घर लौटने के बाद शाम को घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने गांव और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का अब तक पता नहीं चल सका। इसके बाद सिहावा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

सिहावा थाना पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और एनीकट के आसपास जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Hot Topics

Related Articles