बालोद।छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर आधी रात को एक बड़ा और भयावह सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब कच्चा लोहा (आयरन ओर) भरकर रायपुर की ओर जा रहे एक चलते 14 चक्का ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरूर स्थित बिजली कार्यालय के सामने की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात जब ट्रक अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा था, तभी अचानक उसमें से धुआं और चिंगारी निकलने लगी। आग की लपटें इतनी तेजी से भड़कीं कि देखते ही देखते 14 चक्कों वाला पूरा भारी वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। केबिन और टायरों तक आग फैलती देख ट्रक चालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपा और अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल चलते वाहन से छलांग लगा दी। चालक के समय रहते बाहर कूद जाने के कारण एक बड़ी जनहानि टल गई और उसकी जान सुरक्षित बच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए, वहीं प्रशासन को भी तत्काल सूचित किया गया। खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। हालांकि, आग इतनी विकराल रूप ले चुकी थी कि दमकलकर्मियों के तमाम प्रयासों के बावजूद ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के बाद पुरूर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।












