बिरसा मुंडा जयंती पर आदिवासी हितों की रक्षा का लिया संकल्प

भाटापारा। ग्राम टोपा में सोमवार को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन और शोषण के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ ही आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार और उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आदिवासी समाज के हितों की रक्षा करने तथा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Hot Topics

Related Articles