बिलासपुर:- सरकंडा क्षेत्र में एक महिला को उसके घर पहुंची अज्ञात महिला ने जेवर की डिजाइन बाहर भेजकर पैसे दिलाने का झांसा दिया और करीब 31 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गई। पीड़िता को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने आसपास महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 19 सितंबर को सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। सरकंडा क्षेत्र के इमलीभाठा बंधवापारा में रहने वाली सरस्वती श्रीवास(60) ने पुलिस को बताया कि 12 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान एक अनजान महिला वहां पहुंची। उसने बातचीत के दौरान पूछा कि क्या उसके पास सोने-चांदी के जेवर हैं।
महिला के हां कहने पर उसने जेवर दिखाने को कहा और बताया कि वह उनकी डिजाइन बाहर भेजेगी। इसके बदले महिला को पैसे मिलने और जेवर वापस करने की बात कही। उसकी बातों में आकर गृहिणी ने अपना मंगलसूत्र, गले का फरवाला लाकेट, कान के जेवर और पायल उसे दिखाए।
अज्ञात महिला ने बातचीत में उलझाकर मौका बनाया और सभी जेवर अपने साथ लेकर निकल गई। बाद में महिला ने जब जेवर वापस लेने की कोशिश की तो वह गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बातों में उलझाकर बनाया निशाना
इस तरह की घटनाओं में ठगी करने वाले लोग पहले भरोसा जीतने के लिए आकर्षक फायदा या लालच बताते हैं। कभी जेवर का डिजाइन दिखाने, कभी उसकी कीमत बढ़वाने तो कभी किसी योजना में शामिल कराने का झांसा दिया जाता है। इसके बाद बातचीत में उलझाकर सामान लेकर निकल जाते हैं। अनजान व्यक्ति घर पहुंचकर जेवर या नकदी दिखाने को कहे तो सावधान रहें। किसी भी लालच में कीमती सामान उसके हाथ में न दें। संदेह होने पर तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दें और पुलिस से संपर्क करें।
अनजान लोगों को घर में प्रवेश देने से बचें
घर में अकेले रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। अनजान महिला या पुरुष किसी बहाने से घर में प्रवेश मांगे तो पहले उसकी पहचान और आने का कारण सत्यापित करें। कोई व्यक्ति जेवर, नकदी या अन्य कीमती सामान दिखाने के लिए दबाव बनाए तो साफ मना कर दें। जरूरत पड़ने पर पड़ोसी या परिवार के सदस्य को बुलाएं। घटना हो जाने पर आरोपित के हुलिए, कपड़े, बोलचाल और जाने की दिशा जैसी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि जांच में मदद मिल सके।








