बिलासपुर में सिम्स के गेट पर ऑटो चालक की दबंगई: टीआई से की धक्का-मुक्की व गाली-गलौज, वीडियो वायरल

ऑटो खड़ा कर नशे में हंगामा कर रहे चालक को रोकने पर वह सिविल लाइन टीआई रविशंकर तिवारी से भिड़ गया और गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की, जिसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने उसे थाने लाकर समझाइश दी।

 कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर। शहर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान सिम्स अस्पताल के मुख्य गेट पर ऑटो खड़ा करने को लेकर गुरुवार शाम जमकर हंगामा हो गया। इस दौरान नशे की हालत में धुत एक ऑटो चालक सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी से ही भिड़ गया। दोनों के बीच पहले तीखी कहासुनी हुई और देखते ही देखते नौबत धक्का-मुक्की तक जा पहुंची।

आरोप है कि ऑटो चालक ने मौके पर टीआई के साथ गाली-गलौज भी की। वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एएसपी पंकज पटेल के मुताबिक, पुलिस टीम ने ऑटो चालक को पकड़कर थाने लाया था, जिसे बाद में सख्त समझाइश देकर छोड़ दिया गया।

चाकूबाजी के घायलों की जांच करने सिम्स पहुंचे थे टीआई

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम मंगला क्षेत्र में लव मैरिज करने वाली एक युवती के पिता और भाई ने युवती, उसके पति तथा ससुराल पक्ष के लोगों पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।

इसी मामले की जांच और घायलों का बयान दर्ज करने के लिए सिविल लाइन टीआई रविशंकर तिवारी अपनी पुलिस टीम के साथ सिम्स अस्पताल पहुंचे थे।

मेन गेट पर बेतरतीब खड़ा था ऑटो, रोकने पर पुलिस से उलझा चालक

बताया जा रहा है कि सिम्स के मेन गेट के ठीक सामने एक ऑटो बेतरतीब तरीके से खड़ा था, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था और वहां ऑटो चालक नशे की हालत में हंगामा कर रहा था। यह देखकर टीआई रविशंकर तिवारी ने उसे शांत कराने और ऑटो हटाने के लिए कहा।

बहस के बाद धक्का-मुक्की: पुलिस द्वारा रोके जाने पर ऑटो चालक भड़क गया और टीआई से उलझते हुए बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने टीआई के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरे में टीआई और चालक के बीच हुई तीखी बहस व धक्का-मुक्की की पूरी घटना कैद हो गई।

मारपीट नहीं धक्का-मुक्की हुई, समझाइश देकर छोड़ा

पुलिस की टीम एक मामले की जांच के लिए सिम्स पहुंची थी। इस दौरान मेन गेट के पास एक नशेड़ी ऑटो चालक हंगामा कर रहा था। टीआई रविशंकर तिवारी और उनकी टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया। विवाद के दौरान धक्का-मुक्की हुई, मारपीट नहीं हुई है। पुलिस उसे पकड़कर थाने लाई थी, जिसे बाद में समझाइश देकर छोड़ दिया गया।

पंकज पटेल, एडिशनल एसपी, बिलासपुर

Hot Topics

Related Articles