राजकुमार अग्रवाल ,बलदीडीह। ग्राम बलदीडीह स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी के इरादे से धावा बोल दिया। हालांकि, चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और स्कूल से किसी भी सामान की चोरी नहीं हुई।
स्कूल के शिक्षक पुरन्दर बंजारा ने बताया कि एक दिन पहले ही स्कूल की प्रधानपाठक जयंती जी द्वारा विद्यालय के लिए नया टीवी सेट लाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि चोरों का निशाना वही टीवी हो सकता था।
घटना की जानकारी बुधवार सुबह मिलने पर शिक्षक पुरन्दर बंजारा ने तत्काल डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्कूल स्टाफ ने विद्यालय का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में स्कूल से किसी भी प्रकार के सामान की चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।






