बेजुबान की मौत का जिम्मेदार कौन? खुले तार, नंगा ट्रांसफार्मर और बहाना बनता बिजली विभाग

संदीप यादव मुंगेली। शहर के परमहंस वार्ड में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही ने एक बेजुबान की जान ले ली। वार्ड में लगे ट्रांसफार्मर के पास खुले तार में करंट की चपेट में आकर एक गाय फंस गई और लगभग आधे घंटे तक तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वार्डवासियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर गाय को बचाने का प्रयास किया। लकड़ी के डंडे से तार हटाने की कोशिश की गई तो ट्रांसफार्मर से तेज चिंगारी और आग निकलने लगी, जिससे लोग डरकर पीछे हट गए।

इधर पूरी घटना के दौरान लोग लगातार बिजली विभाग के फ्यूज कॉल नंबर पर कॉल करते रहे, लेकिन फोन घनघनाता रहा और किसी ने उठाना तक मुनासिब नहीं समझा।

फ्यूज कॉल अगर आपातकाल में काम नहीं आए तो ऐसी व्यवस्था किस काम की?

यही सबसे बड़ा सवाल वार्डवासियों ने उठाया है। लोगों का आरोप है कि परमहंस वार्ड में खुले तार और असुरक्षित ट्रांसफार्मर की समस्या कोई नई नहीं है। पहले भी करंट लगने से मवेशियों की मौत हो चुकी है, शिकायतों के बाद भी विभाग ने सुध नहीं ली।

घटना के बाद वार्ड में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है। वार्डवासियों ने अब कलेक्टर से लिखित शिकायत कर ट्रांसफार्मर और आसपास के सभी खुले तारों को तत्काल सुरक्षित करने और फ्यूज कॉल व्यवस्था पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

एक बेजुबान की मौत ने फिर से व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब सवाल सिर्फ गाय की मौत का नहीं, बल्कि खुले तारों के बीच रह रहे आम लोगों की सुरक्षा का भी है।

Hot Topics

Related Articles