भाजपा नेता को होटल से थाने लाने पर बवाल, IPS के सामने समर्थकों का हंगामा

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक भाजपा नेता को पुलिस द्वारा होटल से थाने लाए जाने के बाद जमकर हंगामा हुआ। भाजपा नेता धीरज सिंह को पुलिस थाने लेकर पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलते ही उनके समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे। इस दौरान थाने में सीएसपी व आईपीएस राहुल बंसल भी मौजूद थे। घटनाक्रम से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम भाजपा नेता धीरज सिंह को एक होटल से लेकर थाने पहुंची थी। जैसे ही इसकी सूचना उनके समर्थकों को मिली, एक-एक कर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचने लगे। कुछ ही देर में थाना परिसर में गहमागहमी बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधिकारी और जवान भी थाना परिसर में पहुंच गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से धीरज सिंह को थाने लाए जाने का कारण पूछना शुरू कर दिया।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से सवाल करते दिखाई दे रहे हैं कि आखिर धीरज सिंह को किस अपराध में और किसकी शिकायत पर होटल से थाने लाया गया। समर्थकों ने पुलिस के तरीके पर भी आपत्ति जताई। वीडियो में कुछ लोग पुलिस से यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि ऐसा क्या अपराध हुआ है कि उन्हें इस तरह होटल से सीधे थाने लाया गया। हंगामे के बीच पुलिस अधिकारी कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि काफी देर तक थाने में विवाद और बहस की स्थिति बनी रही। बाद में भाजपा कार्यकर्ता धीरज सिंह को अपने साथ थाने से लेकर चले गए।इस पूरे घटनाक्रम के दौरान यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो भी थाने में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि वह धीरज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रही थीं। हालांकि, पूरे मामले में शिकायत और पुलिस की आगामी कानूनी कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे शुरू हुआ विवाद प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब आकांक्षा टोप्पो वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान वहां से धीरज सिंह गुजर रहे थे और दोनों का आमना-सामना हो गया। दावा किया जा रहा है कि धीरज सिंह को देखकर आकांक्षा घबरा गईं और पास स्थित एक होटल में चली गईं। इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर संपर्क किया। किसी संभावित विवाद या अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से संबंधित थाना पुलिस को मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया। इसके बाद पुलिस टीम होटल पहुंची और धीरज सिंह को अपने साथ थाने ले आई।धीरज सिंह को थाने लाए जाने की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंचने लगे। समर्थकों का कहना था कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत है तो पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए और थाने लाने का स्पष्ट कारण बताना चाहिए। हंगामे के दौरान थाना परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिसकर्मी हालात पर नजर बनाए रहे। फिलहाल घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और पूरे मामले को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धीरज सिंह को किस आधार पर थाने लाया गया था और मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles