सिंगापुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सिंगापुर दौरे के दौरान एक साथ नजर आए। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा निवेश और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों मुख्यमंत्री एक ही कार में सवार हुए। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच भविष्य में सहयोग की नई संभावनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। सिंगापुर में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत के राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश तथा व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं को आगे बढ़ाना रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए उद्योग एवं निवेश से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।कार्यक्रम के बाद दोनों मुख्यमंत्री एक ही कार से रवाना हुए। इस दौरान छत्तीसगढ़ और हरियाणा के बीच विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर बातचीत हुई। दोनों राज्यों में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में अनुभवों के आदान-प्रदान जैसे विषय चर्चा के केंद्र में रहे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सिंगापुर दौरा छत्तीसगढ़ में निवेश आकर्षित करने की कोशिशों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार लगातार उद्योगों के लिए उपलब्ध संसाधनों, नई औद्योगिक नीति और निवेश की संभावनाओं को विभिन्न मंचों पर प्रस्तुत कर रही है। वहीं हरियाणा देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल है और ऑटोमोबाइल, आईटी, विनिर्माण तथा कॉरपोरेट सेक्टर में उसकी मजबूत मौजूदगी है।








