सोशल मीडिया साथियों एवं इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक कर उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार की बनाई रूपरेखा
भाटापारा। भाटापारा की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा और ऐतिहासिक रावण भाठा दशहरा उत्सव की भव्यता को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने समस्त सोशल मीडिया साथियों एवं इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में दशहरा उत्सव की भव्यता, सांस्कृतिक महत्व और ऐतिहासिक परंपरा को सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान रावण भाठा दशहरा उत्सव के प्रमुख आकर्षणों पर विशेष चर्चा हुई। इनमें 51 फीट ऊँचे रावण का भव्य दहन, मेघनाथ एवं कुंभकरण के पुतलों का दहन, आकर्षक आतिशबाजी और संगीतमय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन सभी आयोजनों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने तथा भाटापारा की सांस्कृतिक पहचान को प्रदेश स्तर पर स्थापित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाटापारा का रावण भाठा दशहरा उत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नगर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपरा और सामूहिक उत्साह का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक आयोजन की पहचान पूरे छत्तीसगढ़ में स्थापित करने के लिए सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। सोशल मीडिया साथियों एवं इन्फ्लुएंसर्स के सहयोग से उत्सव की भव्यता और सांस्कृतिक महत्व को व्यापक जनसमुदाय तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता और आधुनिक संचार माध्यमों के प्रभावी उपयोग से भाटापारा के इस पारंपरिक आयोजन को नई पहचान दिलाई जा सकती है। इसके लिए सभी सोशल मीडिया साथियों से सक्रिय भागीदारी निभाने और उत्सव की विशेषताओं को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
बैठक का उद्देश्य भाटापारा के ऐतिहासिक दशहरा उत्सव को नगर की सीमाओं से आगे बढ़ाकर पूरे छत्तीसगढ़ में एक विशिष्ट पहचान दिलाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक आयोजन से जुड़ सकें और हमारी समृद्ध परंपराओं के साक्षी बन सकें।






