नगर पालिका प्रशासन से हर सप्ताह सभी वार्डों में मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने की मांग
भाटापारा। नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में मच्छरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका शासन-प्रशासन द्वारा पहले प्रत्येक वार्ड में हर सप्ताह मच्छरों को नष्ट करने के लिए दवा का छिड़काव कराया जाता था, लेकिन अब यह व्यवस्था पूरी तरह बंद हो गई है। इसके चलते लोगों को मच्छरों की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
कोरोना काल के दौरान जिस प्रकार नगर के सभी वार्डों में नियमित रूप से सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जाता था, उसी प्रकार मच्छरों के नियंत्रण के लिए भी प्रत्येक वार्ड में नियमित दवा का छिड़काव किया जाता था। उस समय नगर पालिका प्रशासन द्वारा साफ-सफाई और मच्छर नियंत्रण को लेकर विशेष ध्यान दिया जाता था।
वर्तमान में दवा छिड़काव बंद होने से नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मच्छरों की बढ़ती संख्या से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद इस गंभीर समस्या को लेकर कोई ठोस आवाज नहीं उठाई जा रही है।
नगरवासियों ने शासन-प्रशासन एवं नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि भाटापारा के सभी वार्डों में हर सप्ताह मच्छररोधी दवाइयों का नियमित छिड़काव कराया जाए। साथ ही नालियों, गंदे पानी और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नागरिकों को मच्छरों के आतंक से राहत मिल सके।








