भूपेश बघेल और विजय शर्मा की डिबेट के बाद जमकर हंगामा, बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े; पुलिस से भी धक्का-मुक्की, देखें वीडियो

रायपुर : छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर मंगलवार को रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच हुई खुली बहस के बाद माहौल गरमा गया। डिबेट के दौरान दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आंकड़ों और सरकार के दावों पर अपना-अपना पक्ष रखा। दोनों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।

लेकिन डिबेट खत्म होने के बाद प्रेस क्लब के बाहर राजनीतिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई।

बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई झड़प

प्रेस क्लब के बाहर विवाद बढ़ने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी झड़प की स्थिति बन गई।

हंगामे के दौरान एक एसआई की शर्ट का बटन और बैच टूटने की जानकारी सामने आई है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया और मौके पर हालात को नियंत्रित किया।

डिबेट के बाद बढ़ा राजनीतिक तनाव

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच हुई बहस पहले से ही सियासी तौर पर चर्चा में थी। दोनों नेताओं ने डिबेट के दौरान आवास निर्माण और योजना के आंकड़ों को लेकर अपने-अपने दावे और तर्क रखे।

डिबेट समाप्त होने के बाद प्रेस क्लब के बाहर हुई झड़प ने इस राजनीतिक मुद्दे को और गरमा दिया। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और विवाद के दौरान हुई झड़प के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles