रायपुर। दीपावली के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के मंत्री गजेन्द्र यादव ने पुलिस और यातायात पुलिस के जवानों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। रायपुर से दुर्ग की यात्रा के दौरान मंत्री ने अलग-अलग चौक-चौराहों पर अपना काफिला रुकवाकर ड्यूटी पर तैनात जवानों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मिठाई और उपहार भेंट किए। साथ ही जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। दीपावली के अवसर पर जहां लोग अपने परिवार और प्रियजनों के साथ त्योहार मना रहे हैं, वहीं प्रदेश की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। ऐसे में मंत्री गजेन्द्र यादव ने इन जवानों के योगदान को सम्मान देने के लिए विशेष पहल की।
चौक-चौराहों पर रुकवाया काफिला जानकारी के अनुसार, मंत्री गजेन्द्र यादव आज रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने रास्ते में अलग-अलग चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को देखा और अपना काफिला रुकवाया। इसके बाद वे स्वयं जवानों के पास पहुंचे और उनसे आत्मीय मुलाकात की। मंत्री ने पुलिस और यातायात पुलिस के जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जवानों को मिठाई और उपहार भेंट करते हुए उनके साथ त्योहार की खुशियां बांटीं। इस दौरान मंत्री का व्यवहार जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने वाला रहा।












