कोरिया। सोनहत क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझारटोला के आदिवासी बालक छात्रावास में कक्षा 4 में अध्यनरत् बालक प्रिंस सिंह पिता विजेंद्र सिंह जाति गोंड निवासी टेंगनी का छात्रावास के समीप स्थित तालाब में डूबने से मौत हो गई। जिसकी जानकारी मिलने पर पंच संघ सोनहत अध्यक्ष ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्ति की और कहा कि यह घटना बहुत ही दुखद व असहनीय है, क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ छात्रावास संचालन भी लचर और अव्यवस्थित होती जा रही है। कुछ महीनों पूर्व ही सोनहत क्षेत्र के कटगोड़ी स्थित आदिवासी छात्रावास में इसी प्रकार की एक घटना हुई थी। लगातार क्षेत्र में छात्रों का मौत हो रही है जिससे स्पष्ट है कि शासन, प्रशासन का शिक्षा व्यवस्था और आदिवासी विकास विभाग में कोई नियंत्रण नहीं है। आदिवासी विकास विभाग सहायक आयुक्त अपनी जिम्मेदारी निर्वहन करने में पूर्णतः विफल है।
पंच संघ अध्यक्ष प्रेम सागर तिवारी ने कहा कि लगातार आश्रम छात्रावास में इस प्रकार की घटना घट रही है जिससे स्पष्ट है कि सहायक आयुक्त का उनके अधीनस्थ विभाग पर कोई भी नियंत्रण नहीं रह गया है इसलिए सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग कोरिया तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। ताकि शासन द्वारा आदिवासी छात्र छात्राओं के लिए संचालित आश्रम छात्रावास में रहकर शिक्षा ग्रहण कर सकें l इस घटना में छात्रावास प्रबंधन की घोर लापरवाही प्रतीत हो रही है पंच संघ शासन प्रशासन से त्वरित,निष्पक्ष जांच की मांग करती हैं, साथ ही निलम्बन की कार्यवाही पर्याप्त नहीं है, इस घटना में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए तथा दोषियों पर एफआईआर (FIR ) दर्ज हो ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।








