अभनपुर। महानदी में आई बाढ़ के बीच गोबरा नवापारा क्षेत्र में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। धमतरी जिले की ओर से नदी के तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर आने की खबर फैलते ही सोमवारी बाजार पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले इस पुल पर कई लोग नदी में बह रही बोतलों को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए। बताया जा रहा है कि महानदी में जलस्तर बढ़ने के बाद तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की कई बोतलें गोबरा नवापारा की ओर बहकर आ रही थीं। इन बोतलों में शराब भरी होने की बात सामने आने के बाद आसपास के लोगों में इसकी चर्चा फैल गई। इसके बाद सोमवारी बाजार पुल और नदी किनारे लोगों की संख्या बढ़ने लगी। कुछ लोग पुल के ऊपर खड़े होकर नदी के बहाव पर नजरें टिकाए रहे तो कुछ लोगों ने बहकर आ रही बोतलों को निकालने के लिए स्थानीय स्तर पर जुगाड़ करना शुरू कर दिया। मौके पर कुछ लोग बांस में जाली लगाकर पानी में बह रही बोतलों को पकड़ने का प्रयास करते दिखाई दिए। अन्य लोग भी अलग-अलग तरीकों से बोतलों को नदी से निकालने की कोशिश करते रहे। इस दौरान सबसे ज्यादा चिंता लोगों की सुरक्षा को लेकर दिखाई दी। महानदी इस समय बाढ़ के कारण उफान पर है और नदी में पानी का बहाव काफी तेज है। इसके बावजूद बोतलों को पकड़ने के लिए कई लोग नदी और पुल के बेहद करीब तक पहुंच गए। तेज बहाव के बीच इस तरह की कोशिश किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बाढ़ के समय नदी के पानी की गहराई और बहाव का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में नदी के किनारे जाकर किसी वस्तु को पकड़ने की कोशिश करना जोखिम भरा हो सकता है। सोमवारी बाजार पुल पर भी कई लोग बहकर आ रही बोतलों को निकालने के प्रयास में जोखिम उठाते दिखाई दिए। शराब की बोतलें नदी में कहां से और किन परिस्थितियों में पहुंचीं, इसे लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि बोतलें धमतरी जिले की ओर से तेज बहाव के साथ गोबरा नवापारा की तरफ पहुंच रही थीं। बोतलों की जानकारी मिलने के बाद काफी देर तक पुल पर लोगों की भीड़ बनी रही।








