भाटापारा(मोहन तिवारी)ग्राम पंचायत देवरानी के प्रसिद्ध माँ महामाया मंदिर परिसर में पेवर ब्लॉक निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने पूजा-अर्चना की। विकास कार्य का शुभारंभ किया। माँ महामाया से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
इस कार्य से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। पेवर ब्लॉक बनने के बाद परिसर अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित होगा। सौंदर्यीकरण से मंदिर की भव्यता और धार्मिक गरिमा बढ़ेगी। स्थानीय नागरिकों ने पहल का स्वागत किया। इसे जनभावनाओं के अनुरूप महत्वपूर्ण विकास कार्य बताया। भूमिपूजन के बाद अश्वनी शर्मा ने ग्रामीणों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और मौजूद नागरिकों से संवाद किया। क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं और आगामी योजनाओं पर चर्चा की। लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने।
प्राथमिकता के आधार पर निराकरण का भरोसा दिलाया। अश्वनी शर्मा ने कहा, धार्मिक स्थल आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता के केंद्र हैं। इनका विकास केवल निर्माण कार्य नहीं है। यह सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प है। प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधायुक्त वातावरण मिले। उन्होंने कहा, जनभावनाओं के अनुरूप धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों का विकास निरंतर जारी रहेगा। विकास का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं बढ़ाना नहीं है। समाज की सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाना है।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचाना हमारी प्रतिबद्धता है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम हो रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने इसे क्षेत्र के लिए धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के प्रति आभार जताया।






