संदीप यादव मुंगेली। विश्व हिंदू परिषद जिला मुंगेली द्वारा संगठन का 62वां स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित शनिदेव मंदिर परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात संगठन के पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया। पदाधिकारियों ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद केवल धार्मिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, सुरक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज को संगठित करने का कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष जिला, प्रखंड और खंड स्तर पर स्थापना दिवस मनाया जाता है। 
गुरु बालकदास जयंती रैली का स्वागत –
इसी दौरान गुरु बालकदास जयंती के अवसर पर सतनामी समाज द्वारा निकाली जा रही भव्य शोभायात्रा का विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल मुंगेली के कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया और सामाजिक समरसता, हिंदू एकता और भाईचारे का संदेश दिया। शोभायात्रा के स्वागत को लेकर पूरे बाजार में उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री, बजरंग दल के संयोजक सहित मुंगेली जिले के सैकड़ों कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र सेवा, धर्म रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।








