संदीप यादव मुंगेली: मुंगेली वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर को जल्द ही एक आधुनिक और सुविधाओं से भरपूर गार्डन की सौगात मिलने वाली है। राज्य सरकार ने *मिशन अमृत 2.0* के तहत मुंगेली नगर पालिका में आधुनिक उद्यान के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
मुंगेली के साथ-साथ अहिवारा और कांकेर में भी इसी तरह के गार्डन बनेंगे। इन तीनों परियोजनाओं के लिए कुल 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुंगेली में क्या होगा खास?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देशन में बनने वाले इस उद्यान को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुंगेली सहित तीनों शहरों में कुल 8,732 पौधे लगाए जाएंगे।
मुंगेली के नए उद्यान में नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाएं होंगी –
– बच्चों के लिए आकर्षक प्ले-एरिया
– युवाओं के लिए ओपन जिम
– सुबह-शाम सैर के लिए पाथवे
– प्रकाश व्यवस्था, गजेबो और टॉयलेट ब्लॉक
– जल संरक्षण के लिए वर्षा जल संचयन
5 साल तक कंपनी करेगी देखरेख
नगर पालिका मुंगेली के इस नए गार्डन के निर्माण के बाद 5 साल तक इसकी देखरेख निर्माण एजेंसी ही करेगी, ताकि उद्यान की हरियाली और सुंदरता बनी रहे। इस उद्यान के बनने से मुंगेली शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण में घूमने और व्यायाम करने की बेहतर सुविधा मिलेगी।








