मेजर ध्यानचंद को किया याद, जिले के 80 खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल
अर्जुनी। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जिला ओलंपिक संघ बलौदाबाजार एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में खेल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में अर्जुनी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में ताईक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन एवं देश के लिए उनके योगदान को याद किया गया। अतिथियों एवं खिलाड़ियों ने उनके छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसके बाद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों, कोच एवं अतिथियों ने क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला ओलंपिक संघ के सचिव आदित्य सिंह उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 80 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने ताईक्वांडो की विभिन्न तकनीकों और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
आयोजन को सफल बनाने में जिला ताईक्वांडो संघ के सचिव अखिलेश कैवर्त्य, यास्मीन अफरोज तथा रेफरी रजनी लहरे, दिनेश साहू, आदित्य अग्रवाल, होरी लाल साहू, लेखु प्रसाद एवं रमा टंडन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजकों ने कहा कि खेल सप्ताह का उद्देश्य जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।








