मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर तक करें आवेदन

पात्र विद्यार्थियों को मिलेगी 50 हजार रुपये तक की एकमुश्त आर्थिक सहायता

बलौदाबाजार, 29अक्टूबर 2026। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के तहत जिले के पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थी 30 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन ऑफलाइन जमा कर सकते हैं।

योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आईआईटी, एम्स, आईआईएम, एनएलयू तथा जेईई के माध्यम से एनआईटी एवं ट्रिपल आईटी में बीटेक पाठ्यक्रम और नीट के माध्यम से शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य

योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है। इसके साथ ही विद्यार्थी राज्य के लिए अधिसूचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित होना चाहिए। पालक या अभिभावक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना के नियमानुसार शासकीय कर्मचारियों के बच्चे पात्र नहीं होंगे, हालांकि शासकीय सेवा के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चों को निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार लाभ दिया जा सकता है। संबंधित शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश प्राप्त करने का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना भी अनिवार्य है।

प्रवेश के समय मिलेंगे 50 हजार रुपये

योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश के समय यात्रा, आवास, भोजन, कपड़े, फीस तथा अन्य आवश्यक प्रारंभिक खर्चों के लिए अधिकतम 50 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि योजना के निर्धारित नियमों एवं पात्रता के आधार पर प्रदान की जाएगी।

इन दस्तावेजों के साथ करें आवेदन

इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र के साथ जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, कक्षा 12वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति तथा संबंधित संस्थान में प्रवेश एवं फीस से जुड़े दस्तावेज संलग्न करने होंगे।

पूर्ण आवेदन 30 अक्टूबर 2026 तक सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में ऑफलाइन जमा किया जा सकता है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए संयुक्त जिला कार्यालय, बलौदाबाजार के प्रथम तल पर स्थित कक्ष क्रमांक 86 में सहायक आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग से संपर्क किया जा सकता है।

Hot Topics

Related Articles