एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बनकर 59 हजार रुपये की ठगी, गिधौरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई
बलौदाबाजार-भाटापारा, 29 अक्टूबर 2026। ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस को सफलता मिली है। एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बनकर खाते की लिमिट बढ़ाने और दूसरे खाते में रकम ट्रांसफर करने का झांसा देकर 59,037 रुपये की ठगी करने के आरोपी को पुलिस ने झारखंड के देवघर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार यादव (23 वर्ष), निवासी जिला देवघर, झारखंड के रूप में हुई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना गिधौरी-टुण्डरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।
खाते की लिमिट बढ़ाने के नाम पर की ठगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोट निवासी राजेश कुमार केवट (33 वर्ष) ने थाना गिधौरी-टुण्डरा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एयरटेल फोनपे कार्यालय का कर्मचारी बताते हुए खाते की लिमिट 35 हजार रुपये तक होने की जानकारी दी।
इसके बाद आरोपी ने खाते की लिमिट बढ़ाने और दूसरे खाते में रकम ट्रांसफर करने के नाम पर प्रार्थी को अपने झांसे में लिया। इस दौरान ऑनलाइन धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से कुल 59,037 रुपये निकाल लिए गए।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(घ) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद थाना गिधौरी-टुण्डरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम झारखंड के देवघर जिले पहुंची और आरोपी के निवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप कुमार यादव, पिता अरुण यादव महतो, निवासी बांधा अगर, थाना कुण्डा, जिला देवघर, झारखंड का रहने वाला है।
मोबाइल फोन जब्त, न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रियलमी कंपनी का काले रंग का मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मोबाइल फोन का इस्तेमाल कथित ठगी की घटना में किया गया था। झारखंड के देवघर स्थित स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर वापस लौटी। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी को 27 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई।
साइबर ठगी से बचने पुलिस ने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के फोन कॉल पर भरोसा कर बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी को भी अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या गोपनीय बैंकिंग जानकारी न बताएं। बैंक खाते की लिमिट बढ़ाने अथवा रकम सुरक्षित रखने के नाम पर दिए जाने वाले अनजान निर्देशों का पालन करने से बचें।
पुलिस ने कहा है कि बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान आधिकारिक माध्यम से सत्यापित करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से सूचना दें।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बरतने की अपील की है, ताकि उनकी मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके।







