रंगोली में झलके सामाजिक संदेश, आंगनबाड़ी में संवाद

संदीप यादव सरगांव,मुंगेली सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरगांव में रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। संत शिरोमणि रविदास शासकीय महाविद्यालय में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक संदेश और जनजागरूकता के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया। उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, जिला मंत्री पूर्णिमा ध्रुव, मंडल मंत्री जागृति यादव, रामकुमार कौशिक, असद खान, निखिल कौशिक सहित महाविद्यालय परिवार की उपस्थिति रही। इसी कड़ी में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला मंत्री पूर्णिमा ध्रुव, कैलाश सिंह ठाकुर, जागृति यादव और ताराचंद साहू सहित अन्य उपस्थित रहे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और ग्रामीणों से संवाद कर बच्चों के पोषण, संस्कार और सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को रेखांकित करते हुए बच्चों के स्वस्थ विकास और बेहतर भविष्य के लिए सामुदायिक सहभागिता को आवश्यक बताया गया।

Hot Topics

Related Articles