राजनांदगांव में पुलिस की देर रात कॉम्बिंग गश्त, गुंडे-बदमाशों और संदिग्धों की हुई सघन जांच

राजनांदगांव। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने शुक्रवार देर रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों, आदतन अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन एवं सघन जांच की गई।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने थाना कोतवाली, बसंतपुर, चौकी चिखली एवं थाना सोमनी क्षेत्र के मनगटा रिसोर्ट सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर व्यापक सर्चिंग और सत्यापन अभियान चलाया।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, अलेक्जेंडर किरो, मंजूलता बाज, डीएसपी एम्ब्रोस कुजूर सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और करीब 100 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। वहीं निगरानीशुदा एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए गए। पुलिस टीमों ने होटल, रिसोर्ट, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधों की रोकथाम, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए इस तरह के विशेष कॉम्बिंग गश्त एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय और नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना है।

Hot Topics

Related Articles