Monday, February 23, 2026
More

    राजनांदगांव: शहर में पुलिस की कांबिंग गश्त, 45 से अधिक असामाजिक तत्वों की चेकिंग की गई

    राजनांदगांव। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।अभियान के तहत तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिनके द्वारा थाना कोतवाली, थाना बसंतपुर एवं पुलिस चौकी चिखली क्षेत्रों के संवेदनशील मोहल्लों और कॉलोनियों में सघन कांबिंग गश्त की गई।

    कांबिंग गश्त के दौरान 60 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों एवं सुनसान क्षेत्रों में भ्रमण कर 45 से अधिक असामाजिक एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की।अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली क्षेत्र के लखोली, बैगपारा, दुर्गा चौक एवं राजीव नगर, पुलिस चौकी चिखली क्षेत्र के 16 खोली स्टेशन, शंकरपुर, शांति नगर, मोतीपुर एवं रामनगर तथा थाना बसंतपुर क्षेत्र के कुआं चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर चौक एवं डबरीपारा में विशेष रूप से चेकिंग की गई।

     

    कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। साथ ही पूर्व में अपराध में संलिप्त रहे नाबालिग बालकों के घर जाकर उनके माता-पिता को बच्चों को रात्रि समय अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने देने की समझाइश भी दी गई।

     

     

    इस अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री एलेक्जेंडर किरो, एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केसरी नंदन नायक सहित सभी संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने दल-बल के साथ उपस्थित रहे।

    राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कांबिंग गश्त आगे भी निरंतर जारी रहेगी, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे और अपराधियों में भय का वातावरण कायम हो।

     

     

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!